राजधानी में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा का कटाक्ष, संजय श्रीवास्तव ने कहा – अपराधियों के संगठित गिरोह का आंदोलन था कांग्रेस का प्रदर्शन

Picture of Big Breaking Navaa Bharat News

Big Breaking Navaa Bharat News

रायपुर। कांग्रेस की ओर से राजधानी में किए गए प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि यह अपराधों के खिलाफ अपराधियों के संगठित गिरोह का आंदोलन था। कांग्रेस कार्यकर्ता भी नैतिक रूप से इस आंदोलन के पक्ष में नहीं थे और इसलिए अंतरात्मा की आवाज सुनकर कांग्रेस कार्यकर्ता इस आंदोलन में शरीक ही नहीं हुए। कांग्रेस का यह प्रदर्शन ‘उल्टा चोर कोतवाल को डाँटे’ की कहावत वाला था।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने सोमवार को बीजेपी कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि जनता में आश्चर्य रहा कि अपने पाँच वर्षों के शासनकाल में कांग्रेस ने अपराधियों के समान शासन चलाने वाली, अपराधियों की तरह व्यवहार करने वाली कांग्रेस आज कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। प्रदेश में भाजपा के सत्तासीन होने के बाद से जितनी भी आपराधिक घटनाएँ हुई हैं, उनमें अधिकांश मामलों में कांग्रेस के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आई है। कांग्रेस शासनकाल में अपराध, नशाखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर रहा।

श्रीवास्तव ने कांग्रेस की अपराधों में संलिप्तता के कुछ प्रमुख मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद जितने भी अपराध हुए हैं, उनमें बड़े अपराधो में कांग्रेस के नेताओं की संलिप्तता साबित हुई है। चाहे सरगुजा जिले के सूरजपुर में युवक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप साहू ने सरगुजा में मां व बेटी की 13 अक्टूबर, 2024 को हत्या हो, चाहे गिरौदपुरी धाम को अपने राजनीतिक षड्यंत्र का केंद्र बनाकर बाद में उसी की आड़ में 11 जून, 2024 को बलौदाबाजार में कलेक्टर-एस पी कार्यालय जलाने की घटना हो जिसमें कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव जमानत पर हैं, बलौदाबाजार में जातीय विद्वेष फैलाने का काम किया।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि अपनी राजनीति चमकाने और भाजपा की सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र करके कांग्रेस के लोग किस नीचे स्तर तक जा सकते हैं, गिरौदपुरी समेत तमाम बड़ी आपराधिक वारदातें इसे बयान कर रही हैं। आज मुद्दों और नेतृत्व से संकट से गुजर रही कांग्रेस अपनी राजनीतिक दुकानदारी बचाए रखने के लिए प्रदर्शन तो कर रही है, लेकिन कांग्रेस के डीएनए में ऐसी क्या चीजें हैं, कि हर-एक जो अपराध हो रहा है, उसमें जो अधिकतम पकड़े जा रहे अपराधी कांग्रेस के नेता या कार्यकर्ता हैं। यही कांग्रेस का मूल चरित्र है। श्री श्रीवास्तव ने कांग्रेस पर आरोपों की बौछार करते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रदर्शन करने के बजाय 5 साल के भूपेश के शासन में पूरे छत्तीसगढ़ में मचाई गई लूट का जवाब देना चाहिए।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स