दिल्ली। अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुआ बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर एक बार फिर से चर्चा में। एक दिन पहले इसे लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से उड़ान भरने के घंटों बाद वापस लौटना पड़ा और अब हांगकांग से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट तकनीकी समस्या की वजह से वापस लौटी है।
रविवार को लंदन के हीथ्रो हवाइ अड्डे से चेन्नई (भारत) के लिए रवाना हुई ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान बीए35 ने उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी दिक्कत महसूस की। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर दोपहर 1:16 बजे (ब्रिटिश समयानुसार) पर 36 मिनट की देरी से उड़ा, लेकिन लगभग 15,000 फीट की ऊंचाई पर पायलटों ने फ्लैप सिस्टम में गड़बड़ी के संकेत पाए। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को डोवर की खाड़ी के ऊपर होल्डिंग पैटर्न में घुमते हुए कई चक्कर लगाए। इसी दौरान विमान लगभग 30 मिनट तक 12,000 फीट पर रहा और सुरक्षित लैंडिंग के लिए अतिरिक्त ईंधन हवा में ही गिराया गया, ताकि वजन कम हो सके। कुल लगभग एक घंटा 45 मिनट बाद विमान ने हीथ्रो के रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों और क्रू को सकुशल उतार लिया गया।
लुफ्थांसा की फ्लाइट को फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट वापस जाना पड़ा था
बीते दिन हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा की एक फ्लाइट को रविवार शाम को यू-टर्न लेकर फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर वापस उतरना पड़ा था। फ्लाइट LH752 जर्मनी से रवाना हुई थी। उसे सोमवार सुबह हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना था। लुफ्थांसा एयरलाइंस ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया था कि हमें हैदराबाद में उतरने की अनुमति नहीं मिली। इसीलिए विमान ने यू-टर्न लिया और वापस लौट आया।
लखनऊ में सऊदी के विमान के पहियों से धुआं निकलता देखा गया
इससे पहले 15 जून की सुबह जेद्दा से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरे सऊदी अरब के एक विमान के पहियों से धुआं निकलता हुआ देखा गया। विमान बचाव और अग्निशमन (ARFF) की टीम मौके पर पहुंची। सऊदी अरब की टीम के साथ मिलकर धुएं को नियंत्रित किया गया और विमान को किसी भी अनहोनी से बचाया गया। एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और एयरपोर्ट संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
